
जंघई।केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर जल योजना जल जीवन मिशन का हिस्सा है, जिसे भारत सरकार ने 2019 में शुरू किया था। इसका मुख्य लक्ष्य 2024 तक देश के हर ग्रामीण परिवार को हर दिन 55 लीटर नल का पानी उपलब्ध कराना था। इस योजना से ग्रामीण परिवारों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराना और महिलाओं के जीवन को आसान बनाया था और हर ग्रामीणों के घर में कार्यात्मक नल कनेक्शन के माध्यम से सुरक्षित और पर्याप्त पानी पहुँचाना था। इस योजना की शुरुवात 15 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई थी यह योजना राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम का पुनर्गठन है। परंतु लापरवाह अधिकारियों एवं ठेकेदारों ने प्रधानमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना को अधिकांशतः ग्रामीण क्षेत्रों मे धरातल पर उतरने ही नहीं दिया। जिसका प्रतिफल यह है अधिकांशत: ग्राम सभा में आज तक पानी की सप्लाई चालू नहीं हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सिर्फ गड्ढे ही गड्ढे दिखाई पड़ रहे हैं जिसमें प्रतिदिन लोग गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। जंघई-हंडिया रोड पर स्थित भेलखा बाजार और वारी के मध्य बालाजी मंदिर के सामने एवं उसके आगे भी कई स्थानों पर ठेकेदारों द्वारा सड़क के मध्य आर-पार खोदाई करवाकर पाइप लाइन डाली गई थी लेकिन उन गड्ढों को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है और कई स्थानों पर नाली की तरह छोड़ दिया गया है। जिसका नतीजा यह है कि बाइक सवार प्रतिदिन नाली में बाइक सहित गिरकर चुटहिल होकर रक्तरंजित और बेहोश हो रहे हैं। ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और इसको अभिलंब बनवाने की मांग हर घर जल योजना के ठेकेदारों एवं लोक निर्माण विभाग से किया है अन्यथा दुर्घटना से लोगों की जान भी जा सकती है।









