जंघई।थाना सरायममरेज कमिश्नरेट प्रयागराज की पुलिस टीम व मिशन शक्ति टीम में उप निरीक्षक बलवंत सिंह, उप निरीक्षक आराधना सिंह, उप निरीक्षक मिताली सिंह, उप निरीक्षक प्रिया त्रिपाठी, उप निरीक्षक यशवंत कुमार, महिला आरक्षी संगीता पटेल द्वारा 1 नवंबर शनिवार को सरस्वती इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्र/छात्राओं को "दंड से न्याय की ओर" नए कानून के संबंध में अवगत कराया गया। जिसके तहत विद्यालय के बालक बालिकाओं को नए कानून के संबंध में जानकारी देते हुए पम्पलेट बाँटे गए। वरिष्ठ उप निरीक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि कानून केवल दंड देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज में न्याय और अनुशासन बनाए रखने का एक महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कानून का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि छोटे अपराध या अनुशासनहीन व्यवहार भी समाज में बड़ी समस्याओं का कारण बन सकते हैं। युवा पीढ़ी को शुरुआत से ही ईमानदारी, जिम्मेदारी और सामाजिक मूल्यों का पालन करने की सलाह दी।कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। छात्रों से किसी भी परेशानी या अपराध की स्थिति में बिना डरे तुरंत पुलिस की मदद लेने को कहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य जयशंकर दुबे ने जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में कानून के प्रति सम्मान और समझ बढ़ती है। कार्यक्रम में शिक्षकगण और सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे, जिन्होंने कानून के प्रति सजग रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।