जंघई।मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत सरायममरेज मिशन शक्ति टीम द्वारा महिला सशक्तिकरण हेतु विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को कुंदौरा महादेव मंदिर प्रांगण में थानाध्यक्ष सरायममरेज अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में बालिकाओं एवं महिलाओं को जागरुक किया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान तथा आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना है।

उत्तर प्रदेश शासन द्वारा कम्युनिटी पुलिसिंग और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत, पुलिस महिलाओं की समस्याओं के निराकरण में सक्रिय भूमिका निभा रही है। हमारा मानना है कि सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर महिला ही सशक्त समाज की नींव होती है। पुलिस इस अभियान को केवल एक औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि जनहित में एक निरंतर प्रयास के रूप में देखती है और महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रतिबद्ध रहेगी। अभियान के दौरान महिलाओं और छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 112, 181, 1930 और 102 की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों से कैसे सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके साथ ही, आत्मरक्षा के उपाय भी सिखाए गए। 

बेटियों को अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने और उन पर उचित प्रतिक्रिया देने के तरीके बताए गए। पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया कि महिला सुरक्षा एक सामूहिक दायित्व है, जिसमें पुलिस, समाज और परिवार की समान भूमिका होनी चाहिए। इन जागरूकता कार्यक्रमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं में भरोसे और आत्मविश्वास का वातावरण तैयार किया है। इस अवसर पर उप निरीक्षक बलवंत सिंह, उप निरीक्षक आराधना सिंह, उप निरीक्षक प्रिया त्रिपाठी, उप निरीक्षक यशवंत कुमार आदि लोग मौजूद रहे।